मानकों को खुला उल्लंघन कर रहे शहर और शामली के कई अस्पताल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रडार पर हैं। इन पर कार्रवाई के लिए प्रशासन की हामी का इंतजार किया जा रहा है। अनुमति मिलते ही बोर्ड अस्पतालों को बंदी का नोटिस थमाएगा। इनके अलावा भी कई और अस्पतालों में जांच होने के बाद खेल सामने आया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी निजी अस्पतालों को एनओसी लेनी होती है। उसके बाद ही कार्य किया जा सकता है। यह एनओसी बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण के साथ कई तरह से होती है। प्रदूषण मुक्ति के लिए चार तरह के डस्टबिन रखे जाते हैं। जिनमें अलग-अलग रंग के साथ विभिन्न रूप का कचरा डालना होता है। बोर्ड के अधिकारियों ने जांच की तो कई अस्पतालों में नियमों का खुला उल्लंघन मिला था। इन्हें चेतावनी नोटिस जारी किया गया, मगर अस्पताल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इसको लेकर अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के मूड में है। इन अस्पतालों में बिजली, पानी की सप्लाई बाधित करने की तैयारियां की गई है। इसके लिए प्रशासन से अनुमति मिलने का इंतजार है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विवेक राय ने बताया कि अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद इन विरुद्ध कार्रवाई होगी।