नईमंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी संजीव सिंघल की भोपा रोड पर भंडूर के पास शिवओम टायर फैक्ट्री है। मंगलवार रात फैक्ट्री के बॉयलर में अचानक आग लग गई। बायलर में आग लगने से फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे विवश हो गए। आग लगने की खबर दमकल विभाग को दी गई। तत्काल ही दमकल विभाग के कर्मचारी कई गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने तक लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
सड़क हादसे में कई घायल
मुजफ्फरनगर। बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया गया। मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी राहुल पुत्र राजकुमार, सतेंद्र पुत्र रघुवीर निवासी फिरोजपुर व नीटू पुत्र दयाचंद निवसी नावला सड़क हादसे में घायल हो गए थे।
अधिवक्ता से धोखाधड़ी
मुजफ्फरनगर। उत्तरी सिविल लाइन निवासी संजय कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 31 दिसंबर को विद्युत विभाग में संविदाकर्मी इन्द्र सिंह निवासी दतियाना को उसने विद्युत कनेक्शन जुड़वाने के लिए तथा बकाया बिल जमा करने के लिए 2500 रुपये दिए थे। आरोप है कि तीन जनवरी को आरोपी सुबह पांच हजार रुपये रसीद लेकर उसके घर पहुंचा। जब रसीद की जांच की तो पता चला कि वह फर्जी है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।