पेट्रोल पंपों पर छापे, दो पर मिली घटतौली
मुजफ्फरनगर। पेट्रोल पंपों पर घटतौली को लेकर छापेमारी की गई। आपूर्ति और बांट-मापतौल विभाग के अधिकारियों ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। एचपी के एक पेट्रोल पंप पर स्टॉक के साथ पेट्रोल की मात्रा में भी कमी पाई गई है। इसके अलावा भी रोहाना के एक पंप पर लीटर में पेट्रोल कम निकला है। पंप स्वामियों पर जुर्माना लगाने के साथ चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को डीएसओ मदन यादव, बांट-माप तौल विभाग के अधिकारी राजेश कुमार ने टीम के साथ जौली रोड पर एचपी के पेट्राल पंप पर छापेमारी की। एचपी के इस ग्रेन पंप फिलिंग पर स्टॉक के साथ पेट्रोल, डीजल की जांच पड़ताल की गई। जांच में पांच लीटर में 20 एमएल पेट्रोल कम तथा स्टॉक में भी गड़बड़ी मिली। वहीं, डीजल और पेट्रोल के नमूने सील किए गए। इसके बाद टीम ने रोहाना रोड के मलिना गांव के निकट पेट्रोल पंप पर जांच पड़ताल की। इस पर भी पेट्रोल में घटतौली मिली। पंप पर पांच लीटर में 20 एमएल पेेट्रोल दिया जा रहा था। पंप स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा भोपा रोड़ पर हाईवे फ्यूल पंप पर जांच-पड़ताल की गई। साथ ही बिरालसी रोड पर पंप की जांच की गई। यहां कोई संदिग्धता नहीं मिली है। छापेमारी से पेट्रोल पंप स्वामियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। डीएसओ मदन यादव ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। मंगलवार को भी दो पेट्रोल पंपों पर घटतौली मिलने पर जुर्माना लगाया गया है।