खतौली। जीटी रोड और रेलवे लाइन के ओवरब्रिज पर शुक्रवार को जाम लगा गया। उधर, बुआड़ा रोड पर भी जाम लगने से वाहन फंसे रहे। जाम लगने से राहगीरों को भी भारी परेशानियां उठानी पड़ी। इस दौरान वाहन चालकों के बीच भी काफी नोकझोंक हुई।
सुबह 10 बजे से ही रेलवे लाइन के ओवरब्रिज के ऊपर और जीटी रोड पर जाम लग गया था। जीटी रोड पर जाम जानसठ तिराहे से लेकर नवीन मंडी के सामने तक लग गया। बाइक और कार आड़े तिरछे होकर जाम में फंस गए। जाम लगने से पैदल राहगीरों का भी निकलना मुश्किल हो गया था। बुआड़ा रोड पर भी ट्रैक्टर और कारों के फंसने से जाम लग गया। वाहनों को आगे पीछे निकालने के लिए वाहन चालकों के बीच काफी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बामुश्किल जाम को खुलवाया। इसके बावजूद भी सड़कों पर काफी देर तक वाहन रेंगते रहे। इस दौरान घंटों तक जाम लगा रहा था।