बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहाना। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर फोरलाइन स्टेट हाईवे पर रोहाना में हाईवे के कट को पार करते समय दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों बाइकें भी चकनाचूर हो गईं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लोहिया बाजार निवासी मनीष (35) पुत्र अशोक रोहाना-मलीरा के बीच स्थित राज फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन था। मंगलवार दोपहर मनीष बाइक से भोजन करने के लिए रोहाना स्थित चमकीला ढाबा पर जा रहा था। ढाबे के निकट मनीष दूसरी तरफ जाने के लिए स्टेट हाईवे का कट पार करने लगा, अपनी तरफ से जा रहे बाइक सवार ने उसकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें चकनाचूर हो गई और दोनों बाइक सवार दूर जाकर गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बाइक सवार रामलीला टिल्ला निवासी अनमोल की हालत गंभीर बनी हुई है।
हेलमेट होता तो बच जाती जान
रोहाना। मुजफ्फरनगर-देवबंद मार्ग पर मंगलवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत के शिकार हुए दोनों ही युवकों ने हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। हादसे में बाइकें टकराने के बाद दोनों उछलकर काफी दूर सिर के बल गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। इन्हीं चोटों के चलते मनीष की मौत हो गई, जबकि अनमोल भी गंभीर घायल है। यदि दोनों ने ही हेलमेट लगाए होते तो संभव था कि मनीष जीवित होता और अनमोल को भी मामूली चोटें ही आतीं।
दो युवकों के शव को दफनाया
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ी निवासी अमजद अपने ममेरे भाई हसीन निवासी नयागांव के साथ हिमाचल के थाना मंडी क्षेत्र के सुंदरनगर में टाइल्स लगाने का काम करता था। सोमवार सुबह काम पर जाते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों युवकों की मौत हो गई। मंगलवार को दोनों के शवों को पीड़ित परिजन घर लेकर पहुंचे, जहां उन्हें गमगीन माहौल के बीच सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।