तीन यंत्रों पर छूट का लाभ 700 किसानों ने उठाया
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किसानों को तीन यंत्रों पर 80 प्रतिशत अनुदान देने की योजना में 700 किसानों ने लाभ उठाया है। किसानों को लाभ देने की जिले में अब तक की सबसे बड़ी योजना साबित हुई है। छह नवंबर तक आवेदन करने वाले समस्त किसानों को इसका लाभ दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की थी कि एक यंत्र किसान को 50 प्रतिशत और तीन यंत्रों पर 80 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। खेती को बढ़ावा देने किसानों को कृषि यंत्र अधिक संख्या में उपलब्ध कराने के लिए यह योजना चलाई गई। योजना में यह भी कहा गया था कि जो भी किसान आवेदन करेगा सभी को इसका लाभ मिलेगा। 15 दिन पूर्व शुरु हुई यह योजना छह नवंबर तक चली। इस बीच जिले में 700 किसानों ने रोटावेटर, मल्चर, हैप्पी सीडर, बीज बोने की मशीन आदि यंत्र के लिए आवेदन किया। इन सभी किसानों को लाभ दिया गया है। जिले में किसानों के अनुदान की यह पहली योजना है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में किसानों को लाभ दिया गया। उपनिदेशक कृषि नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर की इस योजना में आवेदन करने वाले सभी किसानों को लाभ दिया गया है। मुख्यमंत्री की यह योजना पूरी तरह सफल हुई है।