मुजफ्फरनगर। पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर जिला प्रशासन ने अभी तक कोई व्यापक तैयारी नहीं की है। प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद डीएम ने केवल स्कूल-कॉलेजों को जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी है।
डीएम राजीव शर्मा ने जिले के समस्त स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को एक पत्र जारी किया है, जिसमें पॉलीथिन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया है। स्कूलों को जागरूकता रैली और गोष्ठी आदि करने के लिए कहा है। जिला प्रशासन ने अब तक व्यापारियों के साथ कोई बैठक नहीं की है और न ही पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने में उनसे सहयोग मांगा गया है। एनजीटी के आदेश के बाद शहर में नगर पालिका प्रशासन कई बार पॉलीथिन पर प्रतिबंध के प्रयास कर चुका है। कई बार पॉलीथिन के गोदामों पर छापा भी मारा गया। प्रत्येक बार पालिका को कदम पीछे ही खींचने पड़े। लोगों में इस तरह का माहौल तैयार नहीं किया गया, जिससे वह पॉलीथिन का प्रयोग स्वयं ही बंद कर दें।
ठेले से लेकर दुकान तक पॉलीथिन
मुजफ्फरनगर। शहर में चाहे ठेली पर सब्जी और फल बेचने वाला छोटा दुकानदार हो या बड़ी दुकान चलाने वाला व्यापारी इस समय दोनो ही पॉलीथिन का प्रयोग कर रहे हैं। आम आदमी में पॉलीथीन को लेकर कोई जागृति नहीं है। यही नहीं कुछ दुकानों पर तो चाय भी लोग पन्नी में ही ले जा रहे हैं।
दुकानदार बोले, पहले बंद करें फैक्ट्री
बुढ़ाना। पॉलीथिन बंद करने के लिए एसडीएम ने ईओ को निर्देशित कर कसबे में अभियान चलाने को कहा है। पहले कई बार प्रयास हुए, बाजार में छापेमारी भी हुई, मगर पॉलीथिन का प्रयोग नहीं रुक पाया। एसडीएम
कुमार भूपेंद्र ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद पॉलीथिन पर बंदिश के लिए अभियान शुरु किया जाएगा। उधर, दुकानदार राजू गोयल, अमित कुुमार, नवीन आदि का कहना है कि पहले पॉलीथिन बैग बनाने वाली फैक्ट्रियों को बंद कराए।
खतौली में शुक्रवार से चलेगा अभियान
खतौली। एसडीएम अतुल कुमार और पालिका अध्यक्षा बिलकीस बेगम ने पालिका कर्मियों की बैठक में शुक्रवार से अभियान चलाने का निर्णय लिया। पालिका प्रशासन लाउस्पीकर से नगर में दुकानदारों को पालीथिन का प्रयोग बंद करने के लिए जागरुक करेगा। उसके बाद अभियान चला कर दुकानदारों व ठेली वालों से सभी पॉलीथिन जब्त की जाएगी।