खरीद केंद्र पर गेहूं खरीदने से इंकार
बुढ़ाना। किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड खेड़ामस्तान में गेहूं खरीद का लक्ष्य करीब-करीब पूरा कर लिया है। इस खरीद केंद्र पर क्षेत्र के किसानों की गेहूं बेचने के लिए लंबी लाइन लगी रहती है। पत्रावली पूरी नहीं होने पर किसान का गेहूं नहीं खरीदा जाता।
तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ामस्तान में पीसीएफ द्वारा किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड खेड़ामस्तान के माध्यम से किसानों का गेहूं खरीदा जा रहा है। यह गेहूं खरीद केंद्र 23 अप्रैल को चालू हुआ था। समिति को साढे़ 4 हजार क्विंटल का लक्ष्य दिया गया था। इस समिति ने मंगलवार तक 4.179 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद कर ली है। समिति के सचिव जसबीर सिंह ने बताया कि सरकारी आदेशों के अनुसार सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर गेहूं लाने वाले किसान को अपनी जमीन का खसरा, खतौनी, किसान का आधार कार्ड, बैंक खाता तथा पंजीकरण अनिवार्य होता है। किसी भी पत्रावली की कमी में किसान का गेहूं नही खरीदा जाता। गेहूं खरीद केंद्र के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके खरीद केंद्र पर प्रात: नौ बजे से सायंकाल छह बजे तक गेहूं की खरीदारी की जाती है। गेहूं बेचने आए किसान प्रदीप कुमार, जयप्रकाश, अंकित कुमार आदि ने बताया कि यहां पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है। किसानों ने खरीद केंद्र पर किसी भी प्रकार की धांधली होने से इंकार किया। क्षेत्र के किसानों ने मांग करते हुए कहा कि जब तक किसान खरीद केंद्र पर गेहूं ला रहा है, तब तक सरकार को सरकार को सरकारी गेहूं खरीद केंद्र चलाना चाहिए।