उपचुनाव में ड्यूटी लगाए जाने से शिक्षकों में रोष
मुजफ्फरनगर। शिक्षकों ने कैराना लोकसभा उप चुनाव में ड्यूटी लगाए जाने का विरोध किया है। 28 मई को होने वाले चुनाव में जनपद के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। शिक्षक संगठन के नेताओं ने इस संबंध में बीएसए से मुलाकात कर विरोध जताया।
कैराना लोकसभा सीट पर 28 मई को होने वाले उपचुनाव में जिले के सैकड़ों शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला अलग होने के बाद भी ड्यूटी लगाए जाने का शिक्षक विरोध कर रहे हैं। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव बालियान और प्राथमिक स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि कैराना लोकसभा सीट के उप चुनाव में जिले के शिक्षकों को लगाया जा रहा है। जनपद अब कैराना संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, जिला भी अलग हो चुका है। इसके बावजूद भी यहां के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। उपचुनाव में शामली जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों की ही ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। ऐसा पहली बार हो रहा है, जबकि किसी जनपद में एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में गैर जनपद के कर्मचारियों को परेशानी में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों संगठन शिक्षकों की इस समस्या को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रकेश सिंह यादव से वार्ता की। साथ ही इस ड्यूटी का विरोध जताया।