मुजफ्फरनगर। भोजन माताओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर रालोद नेताओं के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री योगराज सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया।
परिषदीय स्कूलों में मिड-डे मिल बनाने का काम कर रही जिले भर की भोजन माताएं पूर्व मंत्री एवं रालोद नेता योगराज सिंह के आवास पर एकत्र हुईं। मानदेय बढ़ाने की मांगों को लेकर कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट में पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि भोजन बनाने के लिए एक भोजन माता को मात्र एक हजार रुपया मिलता है। परिषदीय स्कूल में भोजन बनाने में तीन से चार घंटे का समय लगता है। भोजन माताओं को कम से कम न्यूनतम मजदूरी तो मिलनी ही चाहिए। जो मानदेय मिल रहा है, इसमें तो अब गैस का एक सिलेंडर आ रहा है। ये भोजन माता अपना परिवार कैसे चलाएगी। इस अवसर पर राहुल चौधरी ने कहा कि भोजन बनाने के लिए गैस सिलेंडर की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। भोजन माताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने कहा कि भोजन माताओं का ज्ञापन वह मुख्यमंत्री को भिजवा रहे हैं। मौके पर कमलेश, सुनीता, संगीता, अनीता, राजबाला आदि शामिल रहीं।