दुर्घटना में चार घायल, अस्पताल में भर्ती
मुजफ्फरनगर।
अलग-अलग हुए सड़क हादसों में बृहस्पतिवार को चार लोग घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों ने एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उधर, मोहल्ला रैदासपुरी निवासी व्यक्ति ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
नई मंडी थाना क्षेत्र गांव अलमासपुर निवासी ब्रजमोहन सैनी बृहस्पतिवार को बाइक से बाईपास मार्ग पर जा रहा था। हाईवे पर कोल्ड स्टोरेज के समीप सरिये से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ जाने से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया। भोपा के गांव बेहड़ा थ्रू निवासी सतीश गांव से मोरना पशुओं की दवाई लेने आया था। गांव लौटते वक्त डीसीएम की चपेट में आकर घायल हो गया। उधर, शहर के मोहल्ला बाग जानकीदास निवासी सुरेंद्र प्रकाश सड़क पार करते समय प्रेमपुरी में डाकखाने के निकट चोटिल हो गया। कृष्णापुरी निवासी विमला शर्मा भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गई। जिसे परिजनों जिला अस्पताल भर्ती कराकर उपचार दिलाया। मोहल्ला रैदासपुरी निवासी राजेंद्र कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बड़ा भाई किरणपाल सिंह 12 नवंबर को बाइक से जा रहा था। जिसे रामपुर तिराहे पर गुरुराम राय स्कूल के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किरणपाल गंभीर घायल हो गया। जिसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 22 नवंबर को उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।