चरथावल (मुजफ्फरनगर)। पुलिस बल के साथ नगर पंचायत कर्मचारियों ने मकानों की दीवारों पर बिना अनुमति के लगाए गए बैनर, स्टीकर, पोस्टर और अन्य चुनाव सामग्री को हटवा दिया, जिससे प्रत्याशियों में हड़कंप मच गया।
निकाय चुनाव में आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए आयोग द्वारा जारी किए गए निदेर्शों में किसी भी मकानों की दीवारों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के लगी चुनाव सामग्री को हटवा दिया। पुलिस ने बताया कि बिना मकान मालिक की अनुमति पत्र पर संबंधित चुनाव सामग्री के समक्ष खर्चें का लेखा जोखा रिटर्निंग ऑफिसर के यहां जमा करने के बाद ही मंजूरी मिल पाएगी। एआरओ ने बताया कि पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए प्लास्टिक का झंडा, बैनर, फ्लैक्सी अथवा पोस्टर लगाने की मंजूरी नहीं मिलेगी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने बस स्टैंड मुख्यमार्ग पर अवैध सामग्री को सख्ती से हटवा दिया, जिससे प्रत्याशियों में बेचैनी रही। संबंधित मकान स्वामी से अनापत्ति पत्र लेकर आयोग से अनुमति कराने की जुगत शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जीसी शर्मा ने बताया कि बिना अनुमति के लगाई गई चुनाव सामग्री को हटाने का अभियान जारी रहेगा। अभियान में एसएसआई केसी तोमर, कस्बा प्रभारी नरेश भाटी, नगर पंचायत लिपिक महेश प्रसाद टीम के साथ मौजूद रहे।