भाकियू जिलाध्यक्ष का हंगामा, सीओ से झड़प
खतौली (मुजफ्फरनगर)। तहसील गेट पर पुलिसकर्मियों ने भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत को रोक दिया। इसको लेकर जिलाध्यक्ष ने हंगामा खड़ा कर दिया। मौकेे पर पहुंचे सीओ से जिलाध्यक्ष की नोकझोंक हुई। गुस्साए जिलाध्यक्ष तहसील गेट पर ही धरना देकर बैठ गए। एसडीएम के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
तहसील में मंगलवार को निकाय चुनाव को लेकर नामांकन पत्र जमा करने को लेकर अंतिम दिन था। नामांकन को लेकर तहसील गेट पर बेरिकेडिंग लगाई गई है, जहां पर पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि नामांकन के दौरान प्रत्याशी के साथ उनके समर्थक अंदर न जा सके। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत मंगलवार को किसी कार्य से तहसील में आए थे। जिलाध्यक्ष को गेट पर ही पुलिसकर्मियों ने रोक दिया, जिसको लेकर जिलाध्यक्ष ने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ डॉ राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ के साथ भी जिलाध्यक्ष की नोकझोंक हो गई। गुस्साए जिलाध्यक्ष गेट पर ही धरना देकर बैठ गए। धरने की सूचना पर एसडीएम राम अवतार गुप्ता मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने हस्तक्षेप करते हुए खेद प्रकट किया। खेद प्रकट करने पर जिलाध्यक्ष माने, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।