रोहाना (मुजफ्फरनगर)। निर्माणाधीन मुजफ्फरनगर-सहारनपुर फोरलेन मार्ग पर मिट्टी के पुल के विरोध में चल रहा भाकियू का धरना छठे दिन सोमवार को समाप्त हो गया। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि यदि पिलर पुल का निर्माण नहीं हुआ तो भाकियू फिर से आंदोलन करेगी।
फोरलेन मार्ग पर अमृत इंटर कालेज के बाहर पिलर के पुल की मांग को लेकर ब्लाक उपाध्यक्ष संजीव भारद्वाज के नेतृत्व में धरना दिया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष अहलावत ने कहा की शोषण किसी भी सूरत में भाकियू बर्दाश्त नहीं करेगी। निर्माणाधीन मिट्टी के पुल बनने से दीवार खड़ी हो जाएगी। जिससे व्यापारियों का कार्य प्रभावित होगा। मिट्टी के पुल बनने से टोल द्वारा जनता से खुलेआम लूट की जाएगी, हमें जागरूक होना पड़ेगा। रोहाना में पिलर का पुल ही बनेगा। इस घोषणा के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने में रोहाना कलां, रोहाना खुर्द, बहेड़ी, मलीरा, दीदाहेड़ी, बड़कली, बधाई, आखलोर, जट नंगला, रेई, खामपुर, बेगमपुर, बाननगर आदि गांव के किसान उपस्थित रहे।