दशरथ मरण की लीला देख भावुक हुए दर्शक
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। श्रीराम लीला समिति के बैनरतले मंचित की जा रही भगवान राम की लीलाओं का मंचन श्रीआदर्श ब्रजवासी मंडल वृंदावन के कलाकारों द्वारा अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। दशरथ मरण, भरत मिलाप की लीला में केकैयी-भरत संवाद ने जनता को भाव-विभोर कर दिया। सभी पात्र अपने-अपने अभिनय को सुंदर ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। रामलीला व्यवस्था में दीपक गोयल, किशनलाल, रोहित माहेश्वरी, अनिरुद्ध गोयल, प्रदीप गोयल, सुभाष कुमार, उदित बंसल, नीरव अग्रवाल, राजपाल, रामकुमार, बोबी, गौरव, पंकज, दीपचंद, सुनील, विवेक वर्मा, उज्ज्वल अग्रवाल आदि सक्रिय हैं।
प्रेमी की घर पहुंच गई युवती
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के एक गांव की एक युवती अपने परिजनों को झांसा देकर अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया गया एक ही समाज की एक युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध चल रहे हैं। इन संबंधों के चलते रविवार रात युवती अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। तड़के करीब चार बजे युवती के मां-बाप ने उसे तलाश किया तो युवती कथित प्रेमी के घर से मिली।
आवारा कुत्तों ने भेड़ के सात बच्चे मारे
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। गांव मुकल्लमपुरा निवासी भेड़ पालक अशोक के घेर में घुसकर आवारा कुत्तों ने उसकी भेड़ों के सात बच्चों को मार डाला। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक उसके करीब 50 हजार रुपये कीमत के सात बच्चों को कुत्ते नोच-नोच कर खा चुके थे। पीड़ित भेड़ पालक ने बच्चों के अवशेषों को दफना दिया। पीड़ित अशोक ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।
जर्जर हाईवे होने से यातायात बाधित
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। मीरापुर-बिजनौर मार्ग पर वाहन जाम में लगातार फंस रहे हैं। दिनभर जाम में फंसे वाहन रेंगते हुए आगे निकल रहे हैं। रविवार रात मोन्टी तिराहे और सैनी भट्ठे तिराहे पर भूसे से लदे ट्रकों के गड्ढों मे फंसे होने के कारण दोनों ओर के वाहन जाम में फंस गए। बैराज से मीरापुर तक लगे जाम में यात्री भी परेशान रहे। पुलिस ने क्रेन मंगाकर गड्ढों मे फंसे वाहनों को निकलवाया और हाईवे पर मिट्टी डलवाकर किसी तरह जाम खुलवाया।
दो युवकों से पूछताछ
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक से चोरी किए 2-5 लाख रुपये के मामले में दो युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पीड़ित किसान संजीव कुमार शर्मा और उनके परिजन भी मौजूद रहे। दोनों युवकों को सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीरों से भी मिलाया गया। पूछताछ के बाद आवश्यक चेतावनी देकर दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व भारतीय स्टेट बैंक से एक किसान के 2-5 लाख रुपये चोरी कर दो युवक भाग निकले थे।