सड़क सुरक्षा पर भाषण देने पर मिलेगा इनाम
मुजफ्फरनगर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर भाषण देकर छात्र-छात्राएं लोगों को जागरूक करेंगे। परिवहन विभाग ने स्कूलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी पर भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विजेता बच्चों को विभाग पुरस्कृत करेगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजीव कुमार बंसल ने डीआईओएस को पत्र भेजकर विभाग की इस योजना से अवगत कराया है। पत्र में कहा गया है कि कक्षा छह से दस तक के बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात के बारे में जानकारी दी जाए। बच्चों में शुरू से ही सड़क सुरक्षा, सुरक्षित चलने और दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता आ सके। इसके लिए प्रत्येक स्कूल में 28 जुलाई को सड़क सुरक्षा की चुनौतियों, कारण एवं निवारण पर भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतियोगिता में कितने बच्चों ने भाग लिया और कौन छात्र बेस्ट भाषण देने में सफल रहा है। इसकी पूरी जानकारी स्कूल प्रशासन अपने पास रखेंगे। प्रतियोगिता सम्पन्न होने के बाद विजेता छात्र-छात्राओं की डिटेल एआरटीओ कार्यालय में जमा कराई जाएगी। जिसके बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।