जिले में 324 सिपाहियों के तबादले
मुजफ्फरनगर। जनपद की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सही करने के लिए एसएसपी ने बड़े स्तर पर सिपाहियों के थाने बदल दिए हैं। 324 ऐसे आरक्षियों को दूसरे थानों में भेजा गया है, जो कि एक वर्ष से ज्यादा समय तक एक थाने में तैनात थे। बड़ी संख्या में तबादले होने से पुलिस विभाग में अफरातफरी का माहौल है। सिपाहियों की रवानगी से थानों मेें फोर्स की कमी नजर आई।
जनपद में रोजाना हो रहे बवाल और घटनाओं को रोकने के लिए कप्तान अनंत देव ने सिपाहियों को रडार पर लिया है। जिले का चार्ज संभालने के बाद एसएसपी ने सबसे पहले प्रभारी निरीक्षकों को बदल दिया था। उसके बाद सभी चौकी प्रभारी बदले गए। इसके बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर देर रात एसएसपी ने जनपद के 21 थानों से 324 आरक्षियों को इधर से उधर किया है। इनमें उन सिपाहियों को रखा गया है, जो कि एक थाने में एक वर्ष से ज्यादा समय तक डटे थे। अचानक इतने बड़े स्तर पर ट्रांसफर से विभाग में अफरातफरी का माहौल है। आरक्षियों की लगातार रवानगी से सभी थानों में फोर्स की कमी हो गई है। थाने से लगाव रखने वाले कुछ सिपाही आकाओं की यहां हाजिरी लगाते नजर आए।