आजम के बयान पर भड़के भाजपाई, थाने पर प्रदर्शन
खतौली। सपा नेता आजम खान द्वारा जवानों को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान पर भाजपाई भड़क उठे। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने थाने के गेट पर प्रदर्शन करते हुए आजम खान को देशद्रोही बताया और इंस्पेक्टर पीपी सिंह को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
बृहस्पतिवार की सुबह भाजपा नेता अनुज सहरावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र होकर थाने पहुंचे और गेट पर प्रदर्शन किया। कहना था कि सपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ने जवानों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर उनके मान सम्मान को ठेस पहुंचाई है। ऐसे देशद्रोही के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अनुज सहरावत ने आजम खान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर इंस्पेक्टर पीपी सिंह को तहरीर भी दी। इंस्पेक्टर ने कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। प्रदर्शन करने वालों में सांसद प्रतिनिधि मदन छाबड़ा, अमित जैन, सुनील उपाध्याय, अंकुर सिंघल, कंवरसैन, सचिन राजपूत, रोहित, सन्नी, सुभाष, मनोज गुर्जर, सुनील जैन, श्याम रहेजा, रिंकू आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।