दूरदराज के क्षेत्रों में भी बनेंगे मॉडल बूथ
मुजफ्फरनगर। जिले में अधिक से अधिक मतदान के लिए माहौल बनाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस बार मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं, जहां पर वोट डालने के बाद मतदाता सेल्फी ले सके।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि इस बार मतदान के दिन बनाए जाने वाले आदर्श बूथ शहर के साथ दूरदराज के क्षेत्रों जो शहर या कस्बों से काफी दूर है, उनको भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूर दराज के क्षेत्रों के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना व लोकतंत्र के इस त्योहार में शामिल कराना उद्देश्य है। मॉडल बूथ के लिए आदर्श मतदान केंद्र पंडाल को सिलिंग व टेंट आदि लगाकर कवर किया जाएगा। कॉर्पेट, टेबिल कवर, गेट को गुब्बारों आदि से सजाया जाएगा। बीएलओ द्वारा मतदान सहायता केंद्र पर मतदाताओं की सहायता की जाएगी। आकर्षक एवं सुसज्जित प्रवेश द्वार को गुब्बारों व फूल मालाओं से सजाना, चूने से मार्किंग करना, तथा गेट से बूथ तक सुविधा व आवश्यकता के अनुसार नायलॉन की रस्सी से बेरिकेडिंग कराई जाएगी। मॉडल बूथ पर विद्युत व्यवस्था मतदान केंद्र पर पंखे व लाइट की व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्र पर निर्वाचन संबंधी पोस्टर चस्पा कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह व जागरूकता के लिए मॉडल बूथ पर मैं हूं जागरूक मतदाता कट आउट सेल्फी प्वाइंट मतदाताओं में मतदान का उत्साह बढ़ाने का काम करेगा। मतदान केंद्र में मतदाताओं के लिए कुर्सी, नींबू पानी, आदि की व्यवस्था रहेगी। अशक्त व दिव्यांग मतदाताओं को मतदान स्थल तक लाने को व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। मॉडल बूथ पर सजावट के लिए रंगबिरंगी झंडिया, मतदान केंद्र पर प्राथमिक चिकित्सा हेतु एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार किट, निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए मतदान संबंधित निर्देशों तथा अन्य आवश्यक प्रारूप एलईडी पर प्रदर्शित किए जाएंगे।