सगाई में दिया गया सामान दिलाने की मांग
भोपा। गांव अलीपुरा में शुक्रवार को नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से इंकार करने वाली दुल्हन के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर युवक पक्ष से सगाई में दिया गया सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है। युवक पक्ष पर भविष्य में युवती का रिश्ता नहीं होने देने व अंजाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा निवासी युवती की शादी शहर से सटे गांव निवासी युवक से तय हुई थी। शुक्रवार को दूल्हा बरात लेकर अलीपुरा पहुंचा, जहां शादी की शुरूआती रस्मों के दौरान ही उसके नशे में होने की आशंका जताई जाने लगीं। दुल्हन को इसकी जानकारी हुई तो उसने साहस दिखाते हुए नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया था। दुल्हन का यह फैसला जानकर उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मानी। आखिरकार दुल्हन पक्ष ने बरात में आए सभी लोगों को खाना खिलाकर बिना दुल्हन के ही विदा कर दिया था। शनिवार को युवती के परिजन ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और युवक पक्ष से सगाई में दी गई नकदी समेत लाखों कीमत के जेवरात-कपड़ा व अन्य सामान वापस दिलाने की मांग की। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक पक्ष के लोग उन्हें फोन कर भविष्य में युवती की शादी कहीं ओर नहीं होने देने और बरात लौटाने का अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिजनों की गुहार पर इंस्पेक्टर एमएस गिल ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।