रंगारंग प्रस्तुतियों में घुला देशभक्ति का रंग
मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित आइडियल किड्स प्रिपरेटरी स्कूल के पुरस्कार वितरण समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। इस अवसर पर विश्व जूनियर शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता नेहा तोमर को सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं को उनकी विशेषताओं के आधार पर पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक उमेश मलिक, सीएमओ डा. पीएस मिश्रा, एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया, भाजपा नेता अरविंद राज शर्मा और गांधी कॉलोनी हाउसिंग सोसायटी के चेयरमैन राकेश ढींगरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना की। कंधों से मिलते हैं कंधे पर नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम के माहौल में देशभक्ति का रंग घुल गया। इतनी सी हंसी, इतनी सी खुशी, भंगड़ा, कुमाऊंनी गीतों पर प्रस्तुत नृत्य को सभी ने सराहा। मुख्य अतिथि विधायक उमेश मलिक ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। प्रदर्शन देखकर लगता है कि उनमें बहुत कुछ कर गुजरने का जज्बा है। अध्यक्षता कर रहे सीएमओ डा. पीएस मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को अच्छे संस्कार देने की वकालत की। कहा कि वे गीली मिट्टी के समान होते हैं। जिस प्रकार उन्हें ढाला जाए, वही बन जाते हैं। स्कूल के निदेशक पीके जैन ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर सुधा राज शर्मा, महिला थानाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा, विनोद कुमार, राकेश गर्ग, डा. प्रदीप कुमार, डा. निशा अग्रवाल, प्राचार्य विजय शर्मा, पंकज जैन, रमा तोमर, नीता अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
बेबी हेल्थ शो व डांस प्रतियोगिता 14 को
शाहपुर। शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज में आगामी 14 मार्च को बेबी हेल्थ शो व डांस कंपीटिशन का आयोजन किया जाएगा। राज एकेडमी की प्रधानाचार्या ज्योति शर्मा ने बताया कि विद्यालय के संस्थापक डॉ राजपाल गुप्ता की पुण्य स्मृति में कन्या इंटर कॉलेज में उक्त दोनों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें डॉ ईश्वर चंद्रा के साथ ही राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्या गीता जैन और फ़िल्म निर्माता सलीम गौर भी शामिल होंगे।