देवबंद (सहारनपुर)। कच्ची शराब ने शुक्रवार को नागल ही नहीं देवबंद क्षेत्र में भी कहर बरपाया है। देवबंद कोतवाली के गांव शिवपुर, बिलासपुर और डांकोवाली में चार लोगों की मौत हुई। इनकी मौत शराब से होने की चर्चा फैल गई, लेकिन दो लोगों का परिजनों ने बगैर कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया, जबकि दो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। जिनका झबरेड़ा समेत अन्य अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
शराब पीकर मरने वालों में खेड़ामुगल पुलिस चौकी के डांकोवाली गांव में बिजेंद्र (34) पुत्र मोल्हड़, बिलासपुर में रतन सिंह (62) पुत्र बालमुकंद, शिवपुर में सोनू (28) पुत्र महेंद्र और मायाहेड़ी गांव के मोतीराम पुत्र संतराम की मौत हुई। इनमें से मोतीराम और सोनू का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि अन्य लोगों का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जबकि शिवपुर निवासी टिंकू पुत्र काला, जगमाल पुत्र बुद्धू, ओमी पुत्र बारू, धर्मपाल पुत्र फूल सिंह और विक्रम पुत्र फूल सिंह गंभीर रूप से बीमार हैं जो उत्तराखंड समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती है। ग्रामीणों का कहना है कि उत्तराखंड की सीमा पर स्थित गांव बालूपुर से लाई गई शराब को इन लोगों ने पिया था। जिसके बाद इनकी हालत बिगड़ती चली गई। जिनकी शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। इसके बाद एसडीएम ऋतु पुनिया, सीओ सिद्धार्थ सिंह, तहसीलदार हर्ष चावला आदि अधिकारी गांव की तरफ दौड़ पड़े। पुलिस ने बताया कि मायाहेड़ी निवासी मोतीराम और शिवपुर निवासी सोनू का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि कुछ लोगों के बीमारी के कारण मौत की सूचना मिली है। अवैध शराब का कारोबार करने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
सस्ते के चक्कर में जहरीला जाम पी रहे लोग
देवबंद। कच्ची शराब पीने से हुई कई लोगों की मौत के बाद खेड़ामुगल क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। डांकोवाली, बिलासपुर और शिवपुर में तीन लोगों को कच्ची शराब ने निगल लिया है। ग्रामीणों की माने तो उत्तराखंड की सीमा से सटे गांवों से कच्ची शराब क्षेत्र में सप्लाई होती है। सस्ती के चक्कर में लोग ही इस जहरीले जाम को पीकर जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। कुछ लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पुलिस की मिलीभगत से कच्ची शराब का धंधा फलफूल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही की जाती है। उधर, शिवपुर, डांकोवाली व बिलासपुर में मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, बसपा नेता जनेश्वर प्रसाद, संजय सिंह, चौधरी नवीन खटाना, फरमान अली व अमन बर्मन ने अकाल मौतों पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिलाया है।