पुलिसकर्मी के रवैये से नाराजगी
मुजफ्फरनगर। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मी के गाली देने पर एक बाइक सवार ने जमकर हंगामा किया। युवक ने पुलिसकर्मी को सबक सिखाने की धमकी दी। लोगों के समझाने के बाद युवक शांत हुआ। पुलिस ने उसकी बाइक का चालान काट दिया।
अहिल्या बाई होल्कर चौक पर मंगलवार की दोपहर पुलिस चेकिंग कर रही थी। गांव हसनपुर निवासी रवि अपने एक साथी के साथ बाइक से जा रहा था। रवि का आरोप है कि बाइक रुकवाते हुए एक पुलिसकर्मी ने उसे गाली दी। इससे वह उखड़ गया। युवक ने चौराहे पर जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मी को सबक सिखाने की भी धमकी दी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक को समझा-बुझाकर शांत किया। हंगामे के दौरान पुलिसकर्मी और युवक कई बार आमने-सामने भी आए। लोगों के समझाने के बाद युवक शांत हुआ। उसका कहना था कि वह कागज दिखाने के लिए तैयार है, लेकिन पुलिसकर्मी ने उसे गाली देकर बात की। बाद में चेकिंग कर रहे ट्रैफिक पुलिस वालों ने हेलमेट नहीं लगाने पर उसकी बाइक का चालान काट दिया। चालान कटने के बाद युवक बाइक लेकर चला गया।