गंगा में मैला पानी आने से भाजपा नेताओं में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना। गंगा में मैला पानी आने तथा सोलानी नदी में जलीय जंतु मरने को लेकर भाजपा नेता व साधु संतों ने रोष प्रकट किया है। इस मामले में संतों ने अधिकारियों से मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
भोपा क्षेत्र के भोकरहेड़ी खादर क्षेत्र में स्थित सोलानी नदी में विषैला पानी आने से बड़ी संख्या में मछलियां व जलीय जंतु मर गए। पानी में उतराते मृत जलीय जंतुओं को देखकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। वहीं, बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता व नमामि गंगे के प्रदेश सह संयोजक डा. वीरपाल निर्वाल के नेतृत्व में एक टीम ने शुकतीर्थ गंगा घाट पर जाकर गंगाजल को देखा। सोलानी नदी का पानी शुकतीर्थ गंगा में आकर गिरने से शुकतीर्थ स्थित गंगा का पानी भी गंदा हो गया है। पानी गंदा होने के कारण स्नान कर रहे श्रद्धालुओं का मन खिन्न हो रहा है। डा. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि विषैला पानी उत्तराखंड राज्य से आता है। इस संबंध में अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की जाएगी तथा बाण गंगा की सफाई भी शीघ्र कराई जाएगी। इस मौके पर प्रदीप निर्वाल, कुणाल, शिवकुमार, महेश शर्मा, विपिन कुमार, पं. रामकुमार शर्मा, प्रमोद मिश्रा, जितेंद्र सैनी, प्रमित पाल, श्रवण ठाकुर, टिंकू शर्मा, राजेश, रामकुमार, नीटू सहरावत आदि मौजूद रहे।