अमर उजाला ब्यूरो
खतौली। गांव खेड़ी कुरैश के पास जुगाड़ की टक्कर लगने से बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीण मुआवजा दिलाए जाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार भगत सिंह ने मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर घंटों बाद ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने दिया।
गांव नंगला रुर्द निवासी कादिर (33) पुत्र अहमद हसन बुधवार की देर शाम को बाइक पर खतौली से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में गांव घटायन मार्ग पर गांव खेड़ी कुरैश के पास जुगाड़ ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार कादिर की मौके पर ही मौत हो गई। कादिर की मौत का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार सहित गांव के काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस शव को उठाने लगी तो ग्रामीणों ने इंकार कर दिया। हादसे की घटना को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जाम की सूचना पर तहसीलदार भगत सिंह मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने को लेकर अधिकारियों व शासन को लिखकर भेजेंगे। तहसीलदार के आश्वासन पर घंटों बाद ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महत्वपूर्ण
जुगाड़ की टक्कर बाइक में लगने से हुआ हादसा, मुआवजे के आश्वासन पर उठाने दिया शव