मुजफ्फरनगर। जैन कन्या इंटर कॉलेज नईमंडी में भारत विकास परिषद ने रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में कक्षा दस और बारहवीं की छात्राओं ने भाग लिया। मेहंदी में राधिका और रंगोली में मनीषा प्रथम रही।
मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता में 32-32 छात्राओं ने भाग लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कला प्रतिभा का लोहा मनवाया। मेहंदी में राधिका प्रथम, सानिया द्वितीय और मीनाक्षी तृतीय स्थान पर रही। रंगोली में मनीषा प्रथम, गरिमा द्वितीय और डोली तृतीय स्थान पर रही। आयोजन में अजय कुमार गुप्ता, नीरज बाठला, सत्यनारायण अग्रवाल, अजय गर्ग, पंकज सिंघल, शुचि मित्तल, डॉ जेके मित्तल, मनोज शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ कंचन प्रभा शुक्ला आदि मौजूद रहे।
राजेंद्र सक्सेना का बैंकाक के लिए चयन
मुजफ्फरनगर। वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए जिले के राजेंद्र सक्सेना का चयन हो गया है। वह 11 से 18 दिसंबर 2018 में बैंकाक में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन के सचिव फिरोज खान ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुई प्रतियोगिता में वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग में शिरकत करने के लिए उनका चयन हुआ है। सक्सेना पांच बार मिस्टर इंडिया, पांच बार मिस्टर एशिया और तीन बार मिस्टर वर्ल्ड प्रतियोगिता में भाग ले चुके है। उनके चयन से जिले के खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।
खेलकूद प्रतियोगिता 9 से 11 सितंबर तक होगी
मुजफ्फरनगर। 31वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता 9 सितंबर से 11 सितंबर तक होगी। विद्या भारती की 31वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नौ सितंबर से 11 सितंबर तक जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में होगा। जिसमें पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग पांच सौ छात्र एवं छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ सदर विधायक कपिलदेव अग्रवाल एवं डा. सुभाष चंद शर्मा अध्यक्ष आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड उप्र द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन 11 सितंबर को सांसद एवं पूर्व राज्य मंत्री डा. संजीव बालियान द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय ने दी।