शनिधाम मंदिर पर पूजा-अर्चना
मुजफ्फरनगर। चरथावल रोड स्थित शनिधाम मंदिर के वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन वेदी पूजन एवं महाआरती कराई। श्रद्धालुओं ने भाग लेकर शनिदेव की पूजा-अर्चना कर मन्नत मांगी। इसके बाद एक शाम देश के अमर शहीदों के नाम का आयोजन किया गया, जिसमें अमर शहीदों का गुणगान किया।
पंडित केशवानंद पंत एवं पंडित कृष्णानंद शास्त्री के निर्देशन में शनिधाम मंदिर पर वेदी पूजन के साथ महाआरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर शनिदेव से मन्नतें मांगी। इसके बाद एक शाम देश के अमर शहीदों के नाम का आयोजन किया गया। टोनी गोस्वामी एंड पार्टी ने देशभक्ति पर आधारित झांकी, गीतों आदि से भक्तों को भाव- विभोर किया। मुख्य अतिथि डॉ सुभाषचंद शर्मा, भाजपा नेता अरविंद राज शर्मा, कुशपुरी, सत्यप्रकाश रेशू, आनंद प्रकाश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राकेश गर्ग आदि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित मोहन शर्मा ने और संचालन शरद कपूर ने किया। मुकेश चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से शैलेंद्र शर्मा, काला कुमार, सुंदर, अमित कश्यप, मोनू, हरेंद्र, आशीष, सतीश, शिवम, सागर, विशाल आदि मौजूद रहे।
यात्रा का स्वागत किया
मुजफ्फरनगर। अमृतसर से पटना साहिब पैदल यात्रा का शहर पहुंचने पर स्वागत किया गया। सरदार लालसिंह परिवार समेत पंचायती गुरुद्वारा पंचदरा में पहुंचने पर संगतों ने स्वागत किया।
गुरु गोबिंद सिंह महाराज के दिखाए मार्ग पर खुद को न्योछावर कर 1520 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए चार बच्चों, पत्नी सरदारनी सरबजीत कौर के साथ पैदल निकल पड़े हैं, जिनकी पैदल यात्रा पंचदरा गुरुद्वारा पर बुधवार रात्रि में पहुंची। यहां प्रबंधक कमेटी एवं संगतों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कीर्तन दरबार हुआ, जिसमें गुरु का गुणगान किया गया। इसके बाद अटूट लंगर बरताया गया। कार्यक्रम में सरदार सतनाम सिंह, हंसपाल, डॉ प्रीतम पाल सिंह कथूरिया, सरदार हरमिंदर सिंह, सुरेंद्र वर्मा, सरदार प्रताप सिंह, कन्हैया अरोरा, कमल वाधवा, संत सिंह, राजकुमार कालरा, ज्ञानी गुरुबचन सिंह, ज्ञान सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।