रोहाना मिल में किसान की मौत पर हंगामा
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। रोहाना शुगर मिल में गन्ना डालने आए दतियाना गांव के एक किसान की मौत हो गई, जिसको लेकर किसानों में आक्रोश फैल गया। किसानों ने हंगामा कर मिल की तौल बंद करा दी। हंगामे की सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक समझौते के प्रयास जारी थे।
छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी किसान अमरपाल (50) पुत्र फेरु सिंह बुधवार को रोहाना शुगर मिल में गन्ना डालने गया था। देर रात जब वह गन्ना डालकर खाली ट्राली कांटे पर तुलवा रहा था, तभी अचानक वह ट्रॉली से नीचे गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। किसान की मौत होने पर मौके पर किसानों की भीड़ लग गई। गुस्साए किसानों ने हंगामा करते हुए कहा कि जब तक किसान के परिजन नहीं आते, शव नहीं उठने देंगे। किसानों ने हंगामा करते हुए मिल की तौल बंद करा दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक समझौत के प्रयास जारी थे। उधर, शुगर मिल अधिकारियों का कहना है कि किसान की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है।