पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) । थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित परिवार द्वारा धार्मिक तस्वीरों का अपमान करने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष जताया। तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ताओं को ही माहौल खराब करने का आरोप लगाकर थाने पर बैठा लिया।
घटना शुक्रवार करीब 12 बजे की है। थाना क्षेत्र के ग्राम कल्लनपुर में एक दलित परिवार द्वारा हिंदू समाज की धार्मिक तस्वीरों का अपमान करने की वीडियो वायरल हो जाने से गांव के ही हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। सभी थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को आड़े हाथ लेकर क्षेत्र का माहौल खराब करने का आरोप लगाकर उन्हें ही थाने पर बैठा लिया। इस दौरान थाने पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ सदर ने भी उनकी क्लास ली। माहौल खराब करने पर कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया। इस दौरान शुभम चौधरी, उत्तम राणा, अंकित, राहुल, अंशुल, चंकी आदि मौजूद रहे।
धमकी देने का आरोप
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) । ग्रामीण ने थाने पर तहरीर देकर अपने ही एक रिश्तेदार पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम धमात निवासी पीड़ित अरविंद का आरोप है कि थाना छपार के ग्राम बिजोपुरा निवासी उसका एक रिश्तेदार बृहस्पतिवार को उसके घर आया और मेरे साथ गाली-गलौज कर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
मिल के डीजीएम को बंधक बनाया
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) । गन्ने का कम इंडेंट भेजने पर क्षेत्र के किसानों ने शुक्रवार को मिल में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन कर जोरदार हंगामा किया और मिल के डीजीएम को बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया।
खाईखेड़ी की उत्तम शुगर मिल क्षेत्र के किसानों ने गन्ना पर्ची कम भेजे जाने की शिकायत की हैं। शुक्रवार को दर्जनों किसान शुक्रवार को मिल में पहुंचे और मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों ने मिल के डीजीएम पर जानबूझकर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप भी लगाया। काफी देर बाद किसानों के बीच पहुंचे मिल के डीजीएम सैम अंसार को किसानों ने अपने बीच बैठा लिया। गन्ना इंडेंट सही तरीके से भेजने के आश्वासन पर ही उन्हें मुक्त किया। इस दौरान भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष संजय त्यागी, ब्रजबीर त्यागी, पंकज त्यागी, विशेष त्यागी, भूषण त्यागी, राकेश त्यागी, पवन त्यागी, सुरेश त्यागी आदि मौजूद थे।