मुजफ्फरनगर। शनिवार को सीएम योगी की जनसभा के दौरान करीब दो घंटे तक जीआईसी के आसपास के मकानों में रहने वाले परिजन अपने ही घरों में कैद रहेंगे। इन घरों पर पुलिस कर्मी छतों और मकान के अंतर तैनात रहेंगे। आसपास के तमाम घरों में रहने वालों के नामों को भी पुलिस ने सूचीबद्ध कर लिया है। इन मकानों में रहने वालों को अपने मकान की खिड़की से भी बाहर झांकने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
जानसठ ओवरब्रिज पर आवागमन बंद
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी की जनसभा के दौरान करीब दो घंटे तक जानसठ ओवरब्रिज का यातायात पूरी तरह से बंद रखा जाएगा।
आउटर पर नहीं रुकेंगी ट्रेन
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी की जनसभा स्थल के पास ही रेलवे लाइन है। यहां पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जनसभा के समय के दौरान यहां से पांच ट्रेनें रोजाना गुजरती हैं। एसएसपी ने जीआरपी, आरपीएफ और स्टेशन अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि इस दौरान यहां आउटर पर कोई भी ट्रेन नहीं रुकनी चाहिए। ट्रेनों में भी सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
पीएसी की छह कंपनियां पहुंचीं
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी की जनसभा में सुरक्षा के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा। छह कंपनी पीएसी की यहां तैनात की गई हैं। शुक्रवार को एसएसपी अनंत देव और एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने ड्यूटी पर नियुक्त किए गए तमाम पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। बाद में पूर्वाभ्यास भी कराया। सभी पुलिस कर्मियों के आईकार्ड बनाए गए हैं, जो ड्यूटी के दौरान गले में डालकर रखेंगे। एसपी सिटी ने बताया कि सीएम की जनसभा में दो आईपीएस, छह एसपी, 11 सीओ, 20 एसएचओ के अलावा 1200 पुलिस कर्मी तैनात रहेेंगे। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए शामली, बिजनौर, संभल, सहारनपुर से भी पुलिस कर्मियों की यहां ड्यूटी लगाई गई है।