विवाहिता प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। रक्षा बंधन पर मायके आई विवाहित महिला अब पति का साथ छोड़ प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला के साथ उसके पति और प्रेमी को पकड़ कर थाने ले गई। परिजनों के समझाने के बाद भी महिला प्रेमी का साथ छोड़ने को राजी नहीं है।
भोपा थाना के एक गांव निवासी महिला का विवाह जिला शामली के गांव में छह माह पूर्व हुआ था। रक्षाबंधन पर महिला पति के साथ मायके में आई थी। बुधवार की सुबह दोनों बाइक से मोरना में पहुंचे। इसी दौरान प्रेमी को देख कर महिला उसकी बाइक पर बैठ कर भागने लगी तो पति ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर राहगीरों और दुकानदारों ने प्रेमी को पकड़ लिया। इस पर महिला ने प्रेमी की तरफदारी करते हुए पति को बुरा भला कहना शुरू कर दिया। झगड़े की सूचना मिलने पर मोरना चौकी प्रभारी राजेश यादव पहुंचे और तीनों को चौकी ले गए। मामले को बढ़ता देख तीनों को भोपा थाने में भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग समझाने बुझाने में लगे हुए हैं, लेकिन महिला अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई है। वहीं, पति भी किसी भी हालत में उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।