सड़क हादसे में युवक घायल, जाम लगाया
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड पर ट्रक की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। युवक के घायल होने वाले लोगों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने मौके पर जाम लगा दिया। हंगामा होते देख चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार जाम खुलवाया और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ीग्राम निवासी शहजाद अपने साथी दिलशाद और जुबेर के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर आ रहे थे। तीनों युवक मजदूरी करते हैं। युवकों की बाइक जब जानसठ रोड पर बिजलीघर के निकट पहुंची तो गड्ढे में पहिया आने से फिसल गई। बाइक फिसलने से सड़क पर गिरे युवक को ट्रक ने रौंद दिया। ट्रक युवक के पैर कुचलता हुआ निकल गया। शहजाद के साथियों ने हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। जिन्होंने हंगामा खड़ा कर रोड पर जाम लगा दिया। भीड़ एकत्र होने से घबराया चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उधर, परिजन और ग्राम प्रधान इमरान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्राम प्रधान ने बमुश्किल जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। परिजनों ने घायल को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में लगी है।