मुजफ्फरनगर में सिखेड़ा गांव खेड़ीतगान के जंगल में किसान के खेत में खुदाई करते हुए शिवलिंग निकला, जिसको देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। कांवड़ियों और ग्रामीणों ने इस शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
सिखेड़ा के गांव खेड़ी वीरान निवासी किसान कोमल कुमार शुक्रवार को अपने खेत में आम का पौधा लगाने के लिए खुदाई कर रहा था। खुदाई के दौरान कोमल ने फावड़ा चलाया तो वह मुड़ गया। उसने मिट्टी हटाकर देखी तो उसको जमीन में शिवलिंग दिखाई दिया। कोमल ने इसकी जानकारी अपने परिजनों और ग्रामीणों को दी। परिजन व ग्रामीण एकत्र होकर खेत में पहुंचे। ग्रामीणों ने शिवलिंग की पूजा पाठ करनी प्रारंभ कर दी। किसान के परिवार वालों ने पंडित संतोष कुमार, पंडित सुरेंद्र सिखेड़ा को बुलवाया और शिवलिंग को दिखाया। पंडितों ने कहा कि यहां पर मंदिर की स्थापना होनी चाहिए। पंडितों ने मंदिर स्थापना की तिथि 28 जुलाई तय की है। बसपा नेता पुष्पांकर पाल भी जानकारी मिलने पर पहुंचे। बसपा नेता ने पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। इस दौरान जयपाल, मोहित, धनवीर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।