हितों की अनदेखी से व्यापारी नाराज, जीएसटी की प्रतियां फूंक कर जताया विरोध
मुजफ्फरनगर। एक जुलाई से लागू होने जा रहे जीएसटी को लेकर व्यापारी खफा हैं। जीएसटी में व्यापारियों के हितों की अनदेखी पर व्यापार संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसकी प्रतियां जलाकर आक्रोश प्रकट किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शिव चौक पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जीएसटी पर विरोध प्रकट किया। कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि जीएसटी की 18 मीटिंग होने के बाद भी कई प्रदेश इससे सहमत नहीं है। इसमें पांच से 28 प्रतिशत टैक्स की अलग-अलग चार दरें बनाई गई हैं। व्यापारियों ने कहा कि सोने पर तीन, बिस्कुटों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाकर गरीबों पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। साथ ही इससे व्यापारियों के कारोबार पर भी प्रभाव पड़ेगा। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई बढे़गी। साथ ही कहा कि जीएसटी लागू होने से विदेशी कंपनियां देश के भीतर अपना राज स्थापित करने का काम करेंगी। इससे छोटा और मध्यम वर्ग का व्यापारी बेरोजगार होगा। इसके विरोध में जीएसटी की प्रतियां जलाकर व्यापारियों ने रोष प्रकट किया। इस दौरान जीशान आढ़ती, बलवेंद्र सिंह, अनिल, भूरा कुरैशी, शिवकुमार सिंघल, पवन अग्रवाल, भीम बालियान, जयपाल सिंह, सुरेंद्र वर्मा, बिजेंद्र कुमार, संजीव शर्मा, नंदू भार्गव, डॉ. अथर नदीम, प्रवीण जैन, अमित गुप्ता, सुनील वर्मा, यूनुस, जोगेंद्र, शंकर गुप्ता, अभिमन्यु आदि मौजूद रहे।