व्यापारियों के साथ विचार विमर्श किया
जानसठ। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों समेत क्षेत्र के व्यापारियों की बैठक लेकर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर मंथन किया। सीओ राममोहन शर्मा की अध्यक्षता में थाने में हुई बैठक में उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से प्रतिष्ठान के अंदर व बाहर सीसीटीवी, कैमरों की व्यवस्था कराने, रात्रि में चौकीदार का प्रबंध करने तथा दुकानों के बाहर रात में प्रकाश की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। कस्बे के मुख्य मार्ग पर फैले अतिक्रमण पर शीघ्र कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने बैठक में आए लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में यदि किसी को संदिग्ध व्यक्ति खड़े नजर आएं, तो पुलिस को तुरंत सूचना दें। बैठक में महेश चंद शर्मा, एसआई चंद्रसेन सैनी, अफसर अली, रामनिवास, मनदीप छाबड़ा, मनोज वर्मा, सौरभ कुमार सिंघल, हाजी कामिल, बबलू सैनी, राकेश कुमार, नंद किशोर, नीतीश सैनी, सौरभ कुमार, कामिल खान, आशु कंसल, सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे।
व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति सचेत रहना होगा
मीरापुर। पुलिस अधीक्षक देहात आलोक शर्मा ने कहा कि व्यापारी वर्ग बाजार में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने सराफा व्यापारियों से शस्त्र लाइसेंस बनवाने की भी अपील की। थाना परिसर में आयोजित व्यापारी वर्ग एवं सराफा कारोबारियों की बैठक में एसपी देहात ने कहा कि कुछ संदिग्ध लोग बाजारों में आपराधिक घटनाएं कर वातावरण बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत रहें और आवश्यकतानुसार शस्त्र लाइसेंस बनवा लें। बैठक में व्यापारियों की उपस्थिति कम देखकर एसपी देहात ने प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी से नाराजगी व्यक्त की। बैठक को सीओ राम मोहन शर्मा, प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, एसएसआई राकेश शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में ब्रजभूषण अग्रवाल, पंकज संगल, हरपाल शर्मा, योगेश राजवंशी, नसीम हैदर, वसीम आदि उपस्थित रहे।