दो समुदाय के बीच संघर्ष होने की सूचना पर पहुंची पुलिस
भोपा। बुधवार शाम एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को दो संप्रदाय के लोगों में झगड़ा होने की सूचना दे दी। इसे लेकर पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ भोपा सहित पीआरवी, भोपा थाना व चौकी पुलिस मौके की ओर दौड़ पड़ी, लेकिन मामला मामूली कहासुनी व मारपीट का निकला।
मामला मलपुरा गांव का है। ग्राम प्रधान के बेटे की बकरियां चरते हुए दूसरे संप्रदाय के व्यक्ति के बरसीम के खेत में जा घुसी। खेत मालिक ने बकरियों को खेत से निकाल दिया। इसे लेकर प्रधान के पुत्र और खेत मालिक में कहासुनी व मारपीट हो गई। इस पर ग्राम प्रधान के पुत्र ने दूसरे संप्रदाय के लोगों द्वारा घेरकर उसके साथ मारपीट करने व सांप्रदायिक तनाव की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भोपा राममोहन शर्मा, थाना प्रभारी बीपी सिंह, डायल 100 पुलिस की तीन गाड़ी गांव मलपुरा पहुंची। पुलिस दोनों युवकों को थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया। सीओ ने बताया कि दोनों में मामूली विवाद हो गया था। दोनों पक्षों को हिदायत देते हुए छोड़ दिया है।