जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं
खतौली/जानसठ। जानसठ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने जनता की समस्या सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में दर्ज 36 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण कराया गया। उधर, खतौली तहसील में एडीएम अमित कुमार ने शिकायतें सुनीं। दर्ज 35 शिकायतों में किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
मंगलवार को जानसठ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम राजीव कुमार ने जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में चोरों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों को रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। क्षेत्र में चोरी व अन्य आपराधिक घटनाएं होने पर थाना प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम विजय कुमार, सीओ सोमेंद्र नेगी, तहसीलदार पुष्कर नाथ चौधरी, आदि मौजूद रहे। खतौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, सीओ डा. राजीव कुमार, तहसीलदार भगत सिंह आदि मौजूद रहे।