आशीष मिस्टर और बुशरा मिस फ्रेशर बने
मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित फ्रेशर ब्लास्ट-2018 में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। बीएफए प्रथम वर्ष के छात्र आशीष को मिस्टर फ्रेशर और बुशरा को मिस फ्रेशर चुना गया।
कॉलेज प्रांगण में बीएफए विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डा. सचिन गोयल, डा. दीपक मलिक, डा. मोहिनी पंवार, गौरव शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। युगल एवं एकल नृत्य के साथ गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बीएफए प्रथम वर्ष के परिणामों के अनुसार आशीष को मिस्टर फ्रेशर, बुशरा को मिस फ्रेशर, आकाश को मिस्टर चार्मिंग तथा संगीता को मिस चार्मिंग घोषित किया गया। निर्णायकों में मानसी अरोरा और ऋतिका साहनी शामिल रहीं। प्राचार्य डा. सचिन गोयल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं में सामाजिक भावना का विकास होता है। साथ मिलकर काम करने की प्रवृत्ति जागृत होती है और मंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा को सामने लाने का मौका मिलता है।