घायल महिला की उपचार के दौरान मौत
जानसठ। गांव कवाल में एक माह पूर्व तेंदुए के हमले से घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। विधायक विक्रम सैनी ने पीड़ित परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी।
गांव कवाल में 17 अक्तूबर की रात तेंदुए ने हमला कर गांव की दो महिलाओं समेत तीन लोगों को घायल कर दिया था। घायलों में राजकली (60) पत्नी सहदेव का उपचार जानसठ के प्राइवेट नर्सिंग होम में चल रहा था। महिला की हालत खराब होने के बाद उसे मेरठ सुभारती मेडिकल कालेज में एक सप्ताह पूर्व भर्ती कराया गया था। मेडिकल कालेज में रविवार की सुबह चार बजे उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विधायक विक्रम सैनी ने मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी तथा एसडीएम से बातचीत कर पीड़ित परिजनों को सरकार द्वारा जंगली जानवरों के हमले में मरने पर सहायता योजना का लाभ दिलवाने के लिए कहा। एसडीएम विजय कुमार ने हल्का लेखपाल को मृतका के घर भेज कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। परिजनों ने गमगीन माहौल में महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।