सैनी समाज ने दी काले झंडे दिखाने की चेतावनी
खतौली। सैनी समाज ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए 27 अक्तूबर को शाहपुर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को काले झंडे दिखाने तथा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। प्रबुद्ध नागरिकों ने पीड़ित सैनी समाज के लोगों की पुलिस प्रशासन की ओर से सुनवाई नहीं होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का निर्णय लिया।
भागीरथी क्रांति दल के तत्वाधान में रेलवे रोड पर सैनी समाज की बैठक आयोजित की गई। जिसमें गांव चांदसमंद के अजय सैनी ने कहा कि पिछले माह गांव में सैनी समाज और गुर्जर समाज के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद को लेकर थाने में पुलिस ने सैनी समाज के पीड़ित लोगों की सुनवाई तक नहीं की। गुर्जर समाज के लोगों ने सैनी समाज के लोगों के साथ मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ की गई थी। हालांकि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गांव चंदपुरी के सैनी समाज के लोगों ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है। मगर गुर्जर समाज के लोगों ने स्कूल से घर जा रही सैनी समाज की बेटियों के साथ छेड़छाड़ की। गांव मोचड़ी के दयाराम सैनी ने कहा कि 22 अक्तूबर को उसके पुत्र को स्कूल जाते हुए गुर्जर समाज के लड़कों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। पर पुलिस ने रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अगर सैनी समाज सुनवाई नहीं तो वे 27 अक्तूबर को शाहपुर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करेगा। बैठक में सुरेश सैनी प्रधान, पवन सैनी प्रधान, राजेश प्रधान छछरपुर, प्रधान नरा नरेंद्र सैनी, राजेंद्र सैनी, सचिन सैनी, बबलू रामपाल, नरेंद्र सैनी, राजू सैनी, प्रदीप सैनी, सुभाष सैनी, राजेंद्र सैनी, विकास सैनी आदि रहे।