तीन अन्य युवकों के भी हत्या में शामिल होने का किया दावा
मुजफ्फरनगर। भाइयों की झूठी आन की खातिर पति मनोज को गंवाने वाली सोनिया वारदात के बाद बेहद सदमे में है। पूछताछ में उसने अपने तीन भाइयों सनी, आदेश उर्फ शिवम और विशाल उर्फ विशु के साथ ही गांव के ही तीन अन्य हत्यारोपियों के वारदात में शामिल होने का दावा किया है। इनमें से एक आरोपी सोनिया का रिश्तेदार है, जिसे पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। वहीं, सोनिया ने एफआईआर में नामजद कराए गए फुफेरे भाई गुड्डू को पूरी तरह से क्लीनचिट भी दी है। हालांकि थाना पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही नामजद कराए गए या अन्य युवकों के वारदात में शामिल होने या न होने के संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।
रुड़की में रहने वाले सनी से थे आत्मीय संबंध
मुजफ्फरनगर। महिला सोनिया शर्मा ने बताया कि उसके बड़े भाई सनी की रेलवे में नौकरी लगवाने में मनोज ने काफी मेहनत की थी। वही उसे परीक्षा दिलाने के साथ ही अन्य मौकों पर साथ लेकर गया था। यही वजह थी कि नौकरी लगने के बाद जब सनी रुड़की में रहने लगा तो वह पति मनोज के साथ कई बार उसके पास पहुंची, जहां दोनों कई बार रात को भी रुके, लेकिन इस दौरान एक बार भी सनी के व्यवहार से ऐसा आभास नहीं हुआ कि उसके दिल में मनोज को लेकर इतनी नफरत मौजूद थी।
पुत्रवधू व पोते को देंगे भरपूर प्यार
मुजफ्फरनगर। ससुराल पक्ष की झूठी आन की खातिर जान गंवाने वाले मनोज शर्मा के परिजनों के दिल में उसकी पत्नी सोनिया बालियान को लेकर किसी तरह का द्वेष नहीं है। मनोज के पिता जगपाल शर्मा का कहना है कि उन्होंने सोनिया को पुत्रवधू के रूप में स्वीकार किया है, जिसकी गोद में उनका पोता भी मौजूद है। जिस तरह सोनिया अपने सुहाग को बचाने के लिए अपने सगे भाइयों के खिलाफ गई, उसके बाद से सोनिया को लेकर उनके दिल में सम्मान और भी बढ़ गया है। उन्होंने बहू को बेटी के रूप में और पोते को छोटे मनोज के रूप में रखकर उनका हरसंभव ख्याल रखने की बात कही है।