पांच घंटे ठप रहा ट्रेनों का संचालन, कई रेल प्रभावित
मुजफ्फरनगर। सोमवार रात रोहाना और देवबंद के बीच रेलवे का ओएचई तार टूटने के कारण पांच घंटे तक रेल यातायात ठप रहा। इस दौरान आधा दर्जन ट्रेन प्रभावित हुईं। कई ट्रेनों को अन्य मार्गों से निकाला गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोहाना-देवबंद के बीच सोमवार रात करीब ग्यारह बजे अचानक रेलवे का ओएचई वायर टूट गया, जिससे ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और यांत्रिकी खराबी की जांच पड़ताल की। इस दौरान अमृतसर से चलकर बिलासपुर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को पटरी से वाया शामली को निकाला गया। नई दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर, बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ, गोल्डन टैंपल समेत छह गाड़ियां अपने निर्धारित समय से पांच-पांच घंटे की देरी से चली। ट्रेनों के जहां के तहां रुक जाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जब तार टूटा, तब गोल्डन टैंपल मेल रोहाना पहुंची थी। बिलासपुर जाने वाली छत्तीसगढ़ को शामली से निकाला गया। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर छत्तीसगढ़ की प्रतीक्षा कर रहे यात्री निराश होकर घर लौट गए। नई दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर को मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रोके रखा, जबकि बिलासपुर से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ को मेरठ में रोक दिया गया। कई घंटे बाद डीजल इंजन लगाकर छत्तीसगढ को मुजफ्फरनगर तक लाया गया, जहां पर यह गाड़ी करीब तीन घंटे तक खड़ी रही। सुबह करीब पांच बजे छत्तीसगढ को मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। इसके बाद मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी नई दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर को रवाना किया गया। नई दिल्ली से देहरादून और देहरादून से नई दिल्ली जाने वाली एसी स्पेशल गाड़ियां भी अपने निर्धारित समय से करीब तीन-तीन घंटे की देरी से चली। आनंद विहार से माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली आनंद विहार एक्सप्रेस को भी करीब चार घंटे तक मेरठ ही रोके रखा। ट्रेन कई-कई घंटे लेट होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी ने बताया कि रोहाना-देवबंद के बीच ओएचई वायर में यांत्रिकी खराबी के कारण यह रेल मार्ग रात ग्यारह बजे से सुबह चार बजे तक बाधित रहा, जिससे कई ट्रेन प्रभावित हुई है।