किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
रतनपुरी/खतौली। गांव सठेड़ी माइनर में पानी के ओवरफ्लो होने के कारण किसानों की सैकड़ों बीघा गन्ने और ज्वार की फसल जलमग्न हो गई। फसलों के जलमग्न होने से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। किसानों को फसल नष्ट होने का खतरा बना है।
रतनपुरी क्षेत्र में रविवार शाम को हुई तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से गाव सठेड़ी के रजबहे में अधिक पानी आ गया, जिससे रजबहा ओवरफ्लो हो गया। पानी के ओवरफ्लो होने से रजबहे के आसपास की सैकड़ों बीघा गन्ने और ज्वार की फसल जलमग्न हो गई। किसानों को उनकी गन्ने की फसल पूर्णतया नष्ट होने का भय सताने लगा है। किसान सतपाल सिंह, बालकिशन आदि का कहना है कि ज्यादा पानी के कारण हाल ही में बोए गए गन्ने का बीज मिट्टी में ही गलने की संभावना है और फसल में फुटाव भी नहीं हो पाएगा। चारे की सफल भी खेतों में ज्यादा पानी भरने के कारण बेकार हो जाएगी। पशुओं के लिए चारे का संकट पैदा हो सकता है। खेतों में पानी भरने से गन्ने की बुआई समय से नहीं हो पाएगी। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि रजबहे की सफाई नहीं होने से पानी ओवरफ्लो हुआ है। विभाग के अधिकारियों को माइनर की सफाई कराने को लेकर अवगत कराया जाएगा। गांव के किसान बालकिशन शर्मा, बाबूराम, भवानी, धर्मपाल, नरेश, रामपाल, विरेंद्र सिंह, रमेशचंद, भूपसिंह आदि ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।