पुरकाजी। गांव के रास्ते पर भरे गंदे पानी की निकासी नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने थाना दिवस में पहुंचकर गांव के तहसीलदार सदर से पानी की निकासी की मांग की। तहसीलदार ने लेखपाल को मौके पर भेजकर मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्र के ग्राम कल्लनपुर में पिछले कई दिनों से गांव के रास्ते पर गंदा पानी भरा हुआ है, जिसकी निकासी नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। शनिवार को ग्रामीण भाजपा नेता डॉ ओपी गौतम की अगुवाई में थाना दिवस में पहुंचे और वहां मौजूद तहसीलदार सदर रंजीत सिंह को पानी की निकासी कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक ही नाला है, जिसमें गंदे पानी की निकासी होती है। कुछ दिनों से गांव के दबंगों ने पानी की निकासी रोक दी, जिससे गांव के रास्ते पर पानी भर गया है। गांव में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। तहसीलदार ने लेखपाल को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान बालिस्टर, अरविंद, प्रवीण, वीरसिंह, सतीश, उमेश, जश्वीर, रविन्द्र, पूरण, रमेश चन्द आदि मौजूद रहे।
हत्यारोपी भाई-बहनको हिरासत में लिया
पुरकाजी। गांव हरिनगर में शुक्रवार को हुई युवक की हत्या के मामले में थाने पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने शनिवार को नामजद आरोपी युवती और उसके भाई को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है मामला संदिग्ध लग रहा है, मगर वादी द्वारा मुकदमा हत्या की धाराओं में दर्ज कराया गया है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।