अंत्योदय मेले का रंगारंग समापन
मुजफ्फरनगर। नुमाइश मैदान में चले तीन दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय मेला और प्रदर्शन का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने बच्चों को पुरस्कृत किया। कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय राष्ट्र एवं समाज के प्रति पूर्ण समर्पित थे और आजीवन उन्होंने दबे-कुचले एवं पिछड़ों के उत्थान के लिए कार्य किया।
डीेेएम ने कहा कि पंडित जी ने राष्ट्र को धर्म, अध्यात्म और सांस्कृतिक का सनातन कुंज बताते हुए राजनीति की नई व्याख्या की। वे गांधी, तिलक और सुभाष की परंपरा के वाहक थे। उनका लक्ष्य समाज को अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को विकास से जोड़ना था। डीएम ने नेडा विभाग द्वारा चलाई गई योजनाओं से तथा विद्युत विभाग संबंधित योजनाओं की भी जानकारी दी। मेले में कृषि विभाग, गन्ना विभाग, उद्यान विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग एवं श्रम विभाग समाज कल्याण, पशु पालन, डूडा तथा नेडा, कौशल विकास मिशन के अधिकारियों द्वारा उनके विभाग की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। डीएम और सीडीओ अंकित अग्रवाल ने स्टॉलो का भी अवलोकन किया। पंडित दीन दयाल उपाध्याय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अन्तर्गत लाभार्थियों को समाज कल्याण विभाग की और से 30 हजार रुपये प्रत्येक को स्वीकृति पत्र वितरित किए। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को भी प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त अनिल कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी कृष्णपाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ हरपाल सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। संचालन लेफ्टिनेंट शशांक भारती और विपिन त्यागी ने किया।