शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव आदमपुर निवासी अय्यूब पुत्र शरीफ के खेतों के ऊपर से विद्युत हाईटेंशन लाइन का तार गुजर रहा है। बुधवार दोपहर अचानक लाइन का तार टूटकर खेत में गिर जाने से लगभग 6 बीघा गन्ने की फसल में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने लाखों का नुकसान होने बताते हुए थाने पर विद्युत निगम के विरुद्ध तहरीर देकर मुआवजे की मांग की है।
कुएं में उतरे किसान की दम घुटने से मौत
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव गोयला में खेत में लगे नलकूप को ठीक करने कुएं में उतरने पर अचानक दम घुटने से एक किसान की मौत हो गई।
शाहपुर के गांव गोयला निवासी अंकुर पुत्र बिल्लू अपने खेत पर लगे नलकूप को ठीक करने के लिए अपने साथी पप्पन के साथ खेत पर पहुंचा। नलकूप को ठीक करने के लिए कुएं में उतरकर ठीक करने लगा। इसी बीच अचानक अंकुर का दम घुटने लगा और कुछ समय के बाद ही दम घुटने से उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी बेहोश होकर गिर पड़ा। इस दौरान आसपास के खेतों में कार्य कर रहे अन्य किसान जब किसी कार्य से नलकूप पर पहुंचे तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। जिसके बाद किसान की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान किसानों ने किसी प्रकार किसान के शव को कुएं से बाहर निकाला और अन्य बेहोश हुए युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव कुटबा-कुटबी के पलड़ा गांव में बनी बस्ती में रह रहे विस्थापितों से विदेश भेजने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है।
शाहपुर के गांव पलड़ा की बनी बस्ती में रह रहे कुटबा-कुटबी निवासी विस्थापित मोहम्मद जफर, हुसैन, मोहम्मद तस्लीम, सद्दाम, नासिर, कामिल आदि विस्थापितों को विदेश भेजने और नोकरी का झांसा देते हुए किठौर के गांव शाहजहांपुर निवासी जमशेद ने उक्त विस्थापितों से विदेश में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अलग-अलग विस्थापितों से लगभग 12 लाख रुपये हड़प लिए और फरार हो गया। इस दौरान विस्थापितों ने लगातार उक्त युवक को नौकरी नहीं लगने की शिकायत की, किंतु वह उन्हें झांसा देता रहा। बाद में विस्थापितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे थाने में पूछताछ की जा रही है।