बालियान समर्थकों में मायूसी
मुजफ्फरनगर। मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफे के बाद पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान के समर्थकों में मायूसी है। उनके आवास पर भी पहले जैसी चहल-कदमी नहीं दिखाई दी।
दक्षिणी सिविल लाईंस में बालियान के आवास पर सन्नाटा पसरा है। कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों की भीड़ नदारद दिखी। सप्ताह में दो दिन उनका कार्यक्रम यहां निर्धारित रहता था। शनिवार और रविवार को बालियान जनता से मिलते थे। हालांकि देहात के लोग रविवार को अपनी समस्याएं लेकर आए, मगर उनकी नामौजूदगी में लौट गए। जिले में उनके इस्तीफे की खबर से हर कोई स्तब्ध है। हाई कमान के फैसले पर भाजपाइयों ने भी चुप्पी साध रखी है। बालियान के पहले से निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए है। बंजारा सेवा समिति के मेधावी छात्र-छात्रा अलंकरण समारोह में बालियान मुख्य अतिथि थे, लेकिन दिल्ली से नहीं पहुंचे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में बागपत सांसद डॉ सत्यपाल सिंह को शामिल किए जाने पर भाजपा संगठन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। डॉ महेंद्र सिंह पांडे के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भाजपा नेताओं ने मिठाई बांट कर खुशियां जताई थी। वैसा नजारा मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद नए राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह की ताजपोशी पर नहीं दिखा।
शपथ ग्रहण में पहुंचे बालियान
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रपति भवन में केंद्रीय मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में डॉ संजीव बालियान ने शिरकत की। अशोका हाल में मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए यूपी के नए मंत्रियों से उन्होंने मुलाकात की। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री बने भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रताप शुक्ला को डॉ बालियान ने बधाई दी।