विहिप का एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। विश्व हिंदू परिषद ने एसएसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। विहिप ने बांग्लादेशी आतंकी अब्दुल्ला अल मॉमून की गिरफ्तारी के बाद खुफिया तंत्र और पुलिस विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। डीजीपी के नाम दिए गए ज्ञापन में देवबंद के मदरसों की जांच कराने की मांग की।
विहिप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि खुफिया तंत्र और पुलिस की नाकामी के कारण ही आतंकी संगठनों से जुड़े आतंकी जिलों में रहकर अपने इरादों को पूरा कर रहे हैं। कठोर कार्रवाई नहीं होना ही इनके इरादों को मजबूत बना रहा है। विहिप ने डीजीपी के नाम ज्ञापन एसपी देहात अजय सहदेव को सौंपा। इसमें कहा गया कि अब्दुल्ला जिस मस्जिद में इमाम बनकर रह रहा था, उस मस्जिद के सभी संचालकों की जांच की जाए। प्रदेश की सभी मस्जिदों में तैनात इमामों की जांच और उनका पुलिस वैरीफिकेशन अनिवार्य हो, मस्जिद की जांच के लिए हर सप्ताह एक अधिकारी नियुक्त हो, देवबंद में एक टीम भेजकर मस्जिदों व मदरसों की जांच की जाए। प्रदर्शन करने वालों में कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता, राधेश्याम विश्वकर्मा, सचिन सिंघल, विकास अग्रवाल, चिराग, अतुल त्यागी, मयंक पंवार, दीपांशु त्यागी, रविकांत अग्रवाल, अजय जैन, अंकुर गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, तुषार अरोरा, आदि शामिल रहे।