- तथाकथित नेता के कहने पर छंट गई भीड़
- सीओ भी झल्लाए, कहा मरना है तो मरो
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर।
खालापार में भीड़ ने सीओ सिटी पर जमकर भड़ास निकाली। हंगामे से झल्लाए सीओ सिटी ने कह दिया मरना है तो मरो, पुलिस नहीं आएगी। इस पर मौके पर मौजूद तथाकथित नेता ने कह दिया ..चलो बे चलो यहां से...अब जाओ बे। इतना सुनते ही भीड़ हटती चली गई। सवाल यह है कि क्या भीड़ नेताजी का ही कहा मान रही थी।
खालापार में बवाल के बाद पुलिस दोबारा से तैयारी कर पहुंची, लेकिन उसके कदम ठिठक गए। पुलिस कस्सावान में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। इस दौरान रणनीति के तहत इस तथाकथित नेताजी को मदद के लिए बुलाया गया। खालापार में अक्सर चर्चाओं में रहने वाले नेताजी भीड़ का रुख देख पुलिस के खिलाफ ही खड़े हो गए। पुलिस कार्रवाई पर आक्रोश व्यक्त करने लगे। इस पर झल्लाए सीओ सिटी ने कह दिया कि ...मरना है तो मरो, पुलिस नहीं आया करेगी। इस पर नेताजी ने भीड़ से कहा कि ...चलो बे चलो यहां से, अब जाओ। इस पर भीड़ हटती चली गई।
सवाल यह है कि भीड़ नेताजी के कहने में ही थी। इसी दौरान एक और नेता पुलिस को सलाह देने पहुंचे। कहा कि त्योहार का मौसम है, पुलिस को अभी दबिश नहीं देनी चाहिए थी। इससे पहले भी सीओ सिटी तेजवीर सिंह विवादित बोल पर चर्चाओं में रहे। गत माह सरकुलर रोड पर हुए एक्सीडेंट में दो लोगों की मौत के बाद भीड़ ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा काटा था। बमुश्किल माहौल खराब होने से बचा था।