मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर/खतौली। अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत गांव जोहरा में तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा। शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने तालाब के किनारे पेड़ लगाकर किया। इस पर 12 लाख रुपये का खर्च आएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. बालियान ने बताया कि आजादी के अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत पूरे जनपद में 75 तालाबों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इससे भूमि का जलस्तर भी बढ़ेगा। गांव जोहरा में अमृत महोत्सव कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस छह बीघा के तालाब की पूरी तरह से सफाई कराई जाएगी। तालाब के चारों ओर ग्रामीणों के घूमने के पाथ-वे का निर्माण कराया जाएगा।
तालाब के चारों ओर तारों की फेंसिंग की जाएगी। तालाब के किनारे लोगों के बैठने के लिए बेंच रखी जाएंगी तथा आसपास पौधरोपण किया जाएगा। तालाब के किनारे चबूतरा बनाया जाएगा। जिस पर स्वतंत्रता दिवस तथा गणतंत्र दिवस पर ग्रामीण झंडारोहण कर सकेंगे।
गांव का गंदा पानी इस तालाब में न डालकर गांव के दूसरे तालाब में डाला जाएगा। इस योजना पर ब्लॉक की ओर से 12 लाख खर्च होंगे तथा कुछ कार्य मनरेगा के अंतर्गत भी कराया जाएगा। मौके पर ग्राम प्रधान श्रीमंदर सैनी, डॉ. सुधीर सैनी, खतौली ब्लॉक प्रमुख गौतम सिंह, खंड विकास अधिकारी शमा सिंह, सतीश भगत, शिव कुमार सैनी तथा ब्लाक के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
उधर, खतौली के गांव गंगधाड़ी में अमृत सरोवर के जीर्णोद्धार का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विकास के अलावा सामाजिक कार्यों में भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। खतौली ब्लाक में गांव जौहरा, गंगधाड़ी, सरघन में तीन तालाब अमृत सरोवर में चिह्नित हुए हैं। जिनका जीर्णोद्धार कराया जाएगा। संजीव बालियान ने एक पीपल का पौधा रोपित किया।
मौके पर बीडीओ शमा सिंह, एडीओ पंचायत योगेश्वर दत्त त्यागी, सचिव विजय शेखर, के पी सिंह, शशांक मलिक, अवधेश, संजीव राणा, ग्राम प्रधान पंकज चौहान उर्फ सोनू, मनोज चेयरमैन, गौतम सिंह, रिहान त्यागी, तुषार, राहुल तोमर, डी के जैन, सुनील, डॉ जयपाल, राजपाल गुर्जर, सुनील प्रधान मौजूद रहे।